बस्ती। भारतीय नववर्ष पर उत्साह व उमंग का वातावरण जिले भर में रहा। हर्रैया में आरएसएसस ने पथ संचलन कर मातृभूमि की रक्षा का संकल्प दोहराया तो संस्कार भारती ने सुबह भगवान सूर्य को अर्घ्य देकर नववर्ष का स्वागत किया। इसके बाद हवन पूजन कर नववर्ष की खुशियां मनाईं। इसी क्रम में आर्य समाज नई बाजार ने कार्यक्रम आयोजित किया।
संस्कार भारती की ओर से भारतीय नववर्ष पर नए परिधानों में महिला व पुरुष सदस्यों ने अमहट घाट पर भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया। एक दूसरे को नये वर्ष की बधाई दी। सुबह लोगों ने अपने-अपने घरों में हवन पूजन किया। इस मौके पर प्रांतीय कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. कै पुष्पलता मिश्रा, प्रांतीय चित्रकला प्रमुख डॉ. नवीन श्रीवास्तव, नगर अध्यक्ष सत्या मिश्रा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष लता सिंह, उपाध्यक्ष राहुल श्रीवास्तव, रंगोली प्रमुख डॉ रमा शर्मा, सरिता शुक्ला आदि मौजूद रहे।
इसी क्रम में आर्य समाज नई बाजार की ओर से यज्ञ एवं विचार गोष्ठी की गई। आर्य समाज की ओर से राजा बाजार, किसान डिग्री कालेज, पंडित दीनदयाल उपाध्याय पुस्तकालय, स्वामी दयानंद विद्यालय व सुर्तीहट्टा बस्ती में विद्यार्थियों व आमजनमानस को नव संवत्सर के इतिहास एवं महत्व के बारे में बताया गया। इस मौके पर शिवांगी, प्रियंका, प्रमोद कुमार, सुरेन्द्र शर्मा, जया पाण्डेय, श्रीहरि मिश्रा आदि ने सहयोग किया।
हर्रैया प्रतिनिधि के अनुसार चैत्र प्रतिपदा नववर्ष पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के बीआरसी मैदान से पथ संचलन किया गया। गणवेश धारी सैकड़ों स्वयंसेवकों सड़क पर निकले। सभी एक स्वर में भारत माता का जयकारा लगा रहे थे। मां भारती की छवि के साथ बैंड की धुन पर निकली शोभायात्रा का जगह जगह पुष्प वर्षा कर महिलाओं ने स्वागत किया। बीआरसी मैदान पर एकत्रित स्वयंसेवक पूरे उत्साह के साथ देर शाम तक पद यात्रा करते रहे।
हर्रैया बभनान चौराहे पर दुर्गा वाहिनी की कविता त्रिपाठी, भारती शुक्ला, सहित एकत्रित मातृ शक्ति ने स्वयंसेवको पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। भाजपा नेता नंदलाल गुप्ता के निवास के सामने पुराने बस स्टैंड के पास किरण सिंह की अगुवाई में महिलाओं ने पुष्प वर्षा की। पथ संचालन कस्बे में पुराने पुल से होते हुए बीआरसी इंटर कालेज के मैदान तक गई। यहां आयोजित कार्यक्रम में ध्वजारोहण के बाद हिन्दू नव वर्ष के महत्व पर चर्चा हुई । इस मौके पर दादा विजयसेन सिंह, राजेश कुमार द्विवेदी, प्रत्यूष विक्रम सिंह, संतोष कुमार केशरवानी,राम बक्स सिंह, योगेंद्र सिंह,कुंवर आनंद प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।