कप्तानगंज/महराजगंज (बस्ती)। जहरीले सांपों से दूसरों की जिंदगी बचाता आ रहा सपेरा खुद जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा है। शुक्रवार को रतास गांव से निकालकर लाए सांप ने उसे डस लिया। गंभीर हालत में वासुदेव उर्फ छटंकी बाबा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 23 अप्रैल को भी उसे सांप ने डस लिया था। बड़ी मुश्किल से जान बची थी।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के धर्मसिंहपुर के रहने वाले वासुदेव उर्फ छटंकी बाबा सांप पकड़ने का काम करते हैं। शुक्रवार रात में रतास गांव स्थित रामचरन (त्यागी) चौधरी के घर से सांप पकड़कर लाए थे। बताया जा रहा है कि वह नागिन है। शुक्रवार सुबह करीब पौने दस बजे वह एक दुकान पर बोरी में बांध कर रखे सांप को प्लास्टिक के डिब्बे में डाल रहे थे, तभी नागिन ने उनके दाहिने हाथ में डंस लिया। सर्पदंश उनकी हालत बिगड़ने लगी। मौके पर मौजूद लोगों ने प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी कप्तानगंज पहुंचाया। जहां चिकित्सक ने हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों की देखरेख में वासुदेव का इलाज चल रहा है, लेकिन हालत अब भी नाजुक बताई जा रही है। परिवार में देख रेख करने वाला कोई नहीं है। संवाद