हर्रैया। स्थानीय पुलिस ने सोमवार की रात अंतरजनपदीय गांजा तस्कर को नगर पंचायत के थानेश्वर नगर वार्ड से गिरफ्तार किया है। उसके पास से करीब साढ़े चार किलो गांजा बरामद हुआ। आरोपी पर बाराबंकी में भी प्राथमिकी दर्ज है।
सोमवार रात को गश्त पर निकली हर्रैया पुलिस की टीम ने थान्हा खास गांव के थानेश्वर नाथ मंदिर के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर पूछताछ की। शक होने पर तलाशी ली गई तो उसके पास से गांजा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान कस्बे के हनुमानगढ़ी नगर वार्ड (खटिकहिया) निवासी जीत बहादुर के रूप में हुई।
मंगलवार को आयोजित प्रेसवार्ता में सीओ स्वर्णिमा सिंह ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध पहले से पांच मामले दर्ज हैं, जिसमें स्थानीय थाने के अलावा बाराबंकी के रामसनेही घाट थाने में आर्म्स एक्ट व गैंगस्टर एक्ट का मामला भी शामिल है। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि इस अवैध कारोबार से जुड़े कुछ नए युवकों की जानकारी मिली है।