बस्ती। रबी विपणन वर्ष 2019-20 के लिए डीएम डॉ. राजशेखर ने क्रय नीति तय कर दी है। इसके तहत लघु एवं सीमांत कृषकों के लिए प्रत्येक सप्ताह मंगलवार और शुक्रवार का दिन आरक्षित किया है। गेहूं क्रय केंद्र के खरीद एवं नियंत्रण कक्ष की स्थापना कर दी गई है। जो सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक संचालित होंगी। नियंत्रण कक्ष में मोबाइल नंबर 7839565077 स्थापित किया गया है। इसका संचालन विपणन सहायक करेंगे।
न्यूनतम समर्थन मूल्य योजना के तहत पहली अप्रैल से गेहूं खरीद शुरू हो जाएगी। किसानों की सुविधा को देखते हुए जिला प्रशासन ने सीमांत कृषक जिनकी जोत अधिकतम एक हेक्टेयर व लघु किसान जिनकी अधिकतम भूमि दो हेक्टेयर है को गेहूं बेचने में दिक्कत न उठानी पड़े इसकी व्यवस्था सुनिश्चित कर दी है। डीएम ने तहसील स्तर पर भी क्षेत्रीय विपणन अधिकारी की अध्यक्षता में गुणवत्ता समिति का गठन किया है। यह समिति गेहूं के गुणवत्ता संबंधी विवाद के निराकरण के लिए कार्रवाई करेगी। डीएम ने क्रय की समीक्षा एवं अनुश्रवण के लिए एसडीएम की अध्यक्षता में समिति का गठन किया है।