-तेज हवा के आंधियों से भी लोगों को मिली है राहत, धूप से बचते बचाते स्कूल से लौटते देखे गए बच्चे
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। तेज धूप और धूल भरी हवाओं से बृहस्पतिवार को लोगों को थोड़ी राहत मिली। दिन का तापमान 39 डिग्री रहा। धूप के कारण लोग शीतल पेय पदार्थों का सेवन करते दिखे।
दो दिन से बढ़ती तपन और धूप का असर कम रहा। सुबह धूप निकली जरूर, लेकिन गर्मी सहन में थी। दोपहर 12 बजे तक तापमान 35 डिग्री के आसपास रहा। दोपहर एक से दो बजे के बीच तेज धूप के कारण पारा 39 डिग्री तक जा पहुंचा, लेकिन तेज धूल भरी हवा न चलने के कारण लोगों को विशेष दिक्कत नहीं महसूस हुई। धूप की तपिश से बचने के लिए लोग चौक-चौराहों पर शीतल पेय का लुत्फ उठाते दिखे।
दोपहर में स्कूली बच्चों की छुट्टी होने पर बच्चे रुमाल से सिर ढककर तो बालिकाएं दुपट्टे का सहारा लेती नजर आईं। कोतवाली के बगल स्थित सब्जी मंडी जो गर्मी के कारण शाम को शुरू होती थी वह दो बजे के बाद से ही गुलजार दिखी। लोग सब्जी और फलों की खरीदारी करते देखे गए। जवाहर लाल नेहरू कॉलेज के भूगोल विभागाध्यक्ष दिवाकर सिंह ने कहा कि आने वाले दिनों में हवा हल्की रहेगी, लेकिन धूप तेज रहेगी। लोगों को धूप से बचाव रखने की आवश्यकता है।