कप्तानगंज(बस्ती)। बस्ती-अयोध्या फोरलेन पर दो बाइक की टक्कर में मासूम बच्ची समेत छह लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हर्रैया थाना क्षेत्र के गंगापुर गांव के रहने वाले सुनील कुमार सोमवार को अपनी पत्नी पूनम के साथ बिटिया अंशिका का इलाज कराने के लिए एक ही बाइक पर सवार होकर बस्ती गए थे। शाम 5:30 बजे तीनों लोग बाइक से वापस घर आ रहे थे। नगर थाना क्षेत्र के पुरैना गांव के निकट वह पहुंचे थे तभी तेज रफ्तार बाइक सवार युवकों ने पीछे से उनकी बाइक में टक्कर मार दी। जिससे दोनों बाइक सवार अनियंत्रित होकर गिर पड़े। हादसे में अजय कुमार, उनकी पत्नी पूनम को हल्की और अंशिका (8 माह) को गंभीर चोटें आईं।
दूसरी बाइक पर सवार करन, लवकुश, अजय निवासी बकुई खुर्द थाना खोडारे जिला गोंडा भी चोटिल हुए हैं। फुटहिया चौकी प्रभारी आनंद प्रताप सिंह ने सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजवाया। पुलिस ने दोनों बाइक को कब्जे में लिया है। घायल मासूम अंशिका की हालत गंभीर बताई जा रही है। चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर किया है। संवाद