कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने की कार्रवाई
मुंडेरवा क्षेत्र के लोहदर गांव का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। न्यायालय के आदेश पर मारपीट व अपहरण के आरोप में मुंडेरवा पुलिस ने संतकबीरनगर के छह लोगों पर केस दर्ज किया है। आरोप है कि प्रकरण में चौकी पर सुलहनामा होने के बाद भी आरोपियों ने रुपये नहीं लौटाए और पांच लाख रुपये हड़प कर लिए।
मुंडेरवा लोहदर गांव निवासी प्रदीप कुमार ने तहरीर में बताया है कि विपक्षी विजय कुमार व सुनील कुमार उनके घर आया करते थे। आरोप है कि दोनों एक बिजनेस शुरू करने के लिए उनसे नकद पांच लाख रुपये उधार ले लिए। 20 मई को जब अपना रुपये वापस मांगा तो राजकुमार जाति सूचक व अपशब्दों का प्रयोग करते हुए धमकी देने लगे। 19 जून को रुपये देने के लिए जगदीशपुर मिल रोड के चौराहे से आगे बुलाया। वहां पहुंचने पर एक बोलेरो गाड़ी से चार लोग व मोटरसाइकिल से दो लोग आए।
आरोप है कि उन्हें मारपीट कर बोलेरो गाड़ी में बैठाकर अपहरण कर विजय कुमार अपने घर कटहा बैडमार थाना धनघटा संतकबीरनगर लेकर चले आए। उसी मोहल्ले के एक अंजान शख्स ने डायल 112 पर फोन कर दिया गया। पुलिस पहुंची और उसे जगदीशपुर चौकी थाना धनघटा लेकर आई। विपक्षी थाने पर आए और कहा कि सुलहनामा कर लो। हम सब मिलकर रुपये वापस कर देंगे। लेकिन, अब तक पांच लाख रुपये वापस नहीं किए।
न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने प्रदीप कुमार निवासी मुंडेरवा लोहदर थाना मुंडेरवा की तहरीर पर आरोपी विजय कुमार निवासी कटहा बैडगार थाना धनघटा जनपद संतकबीरनगर, सुग्रीव निवासी सिकरी थाना महुली जनपद संतकबीरनगर, राजकुमार गुप्ता निवासी महुली थाना महुली, शिव कुमार कन्नौजिया निवासी धनघटा थाना धनघटा, रामदेव धरिकार निवासी नकहा थाना धनघटा और सुनील कुमार निवासी तरयापार थाना महुली जनपद संतकबीरनगर पर केस दर्ज कर लिया है।