हादसे में राज्य महिला आयोग की सदस्य समेत छह घायल
फोरलेन पर नगर थाने के फुटहिया फ्लाईओवर के पास की घटना
लखनऊ से गोरखपुर जा रही थीं आयोग की सदस्य निर्मला द्विवेदी
बस्ती। फोरलेन पर फुटहिया फ्लाईओवर के पास साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में कार, बिजली के खंभे से जा टकराई। हादसे में कार सवार राज्य महिला आयोग की सदस्य निर्मला द्विवेदी (58) समेत छह लोग घायल हो गए। चपेट में आकर साइकिल सवार भी घायल हो गया। सभी को जिला अस्पताल भेजा गया।
जानकारी के अनुसार, राज्य महिला आयोग की सदस्य निर्मला द्विवेदी रविवार तड़के अपनी कार से लखनऊ से गोरखपुर के चरगांवा स्थित घर जा रही थीं। नगर थाना क्षेत्र के फुटहिया फ्लाईओवर के निकट एक साइकिल सवार को बचाने में कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंभे से टकरा गई।
हादसे में निर्मला देवी के साथ कार में मौजूद किरन मिश्रा पत्नी प्रेम मिश्रा निवासी नोनिया छापर थाना बरियारपुर देवरिया, ऊषा देवी पत्नी सुरचित द्विवेदी निवासी मीठाबेल थाना ब्रह्मपुर गोरखपुर, आशुतोष निवासी चकराधूम थाना बरियारपुर देवरिया, गनर अंबर कुमार पटेल व चालक घायल हो गए। इसके अलावा नगर थानाक्षेत्र के कस्बा निवासी साइकिल सवार विशाल भी को भी चोटें आईं।