भोजपुरी गायक बनकर करते थे लूटपाट, तीन गिरफ्तार
बस्ती। नाटकीय ढंग से लूट व चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान ताड़ीजोत थाना लालगंज निवासी अमित आर्य, नेतवर पट्टी छावनी निवासी विजय कुमार एवं नियामत पुर छावनी निवासी बृजेश लाल यादव उर्फ मोनू लाल के रूप में हुई है। आरोपियों के पास से करीब एक लाख चार हजार रुपये कीमत के सामान बरामद किए गए हैं। इसमें लालगंज के दशकोलवा में दुकानदार को घायल कर लूटा गया लैपटाप, मोबाइल, एक सोने की चेन, दो सोने की अंगूठी और 6760 रुपये नकदी शामिल है। इसके अलावा छावनी के नियामतपुर से चोरी एक जोड़ी सोने का झाला व एक जोड़ी चांदी की पायल भी बरामद हुई है।
पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार ने रविवार को बताया कि तीनों आरोपियों ने ने लालगंज थाने के दशकोलवा स्थित मोबाइल की दुकान में चोरी के अलावा 13 मई को छावनी थाने के महुघाट के पास से महिला से पर्स छीनने की वारदात को कबूल किया है। आरोपी भोजपुरी गाने का स्टेज शो करते हैं। आरोपियों ने 24 जून को छावनी के नियामतपुर में एक स्टेज शो के बाद पूरे घर का कीमती सामान चोरी कर ले गए थे। एसपी ने बताया कि सीओ हर्रैया राहुल पांडेय की अगुआई में छावनी व लालगंज थाने की पुलिस ने तीनों आरोपियों को मझौवा खुर्द के पास से गिरफ्तार किया है। प्रेसवार्ता के दौरान एएसपी पंकज, सीओ हर्रैया राहुल पांडेय, पीआरओ रणविजय सिंह आदि मौजूद रहे।
-------------
टीशर्ट बरामदगी से खुला राज
- दशकोलवा की चोरी करने के बाद छावनी के नियामतपुर में तीनों ने जेवर, नकदी के साथ ही एक टीशर्ट भी चोरी की थी। जिसकी वजह से वे पुलिस की गिरफ्त में आए। एसपी के अनुसार लालगंज के दशकोलवा में दुकानदार को डंडे मारकर लैपटाप, मोबाइल आदि लूट लिया था। आरोप है कि दुकानदार विनय पांडेय का कारोबारी रंजिश रखने की वजह से पड़ोस के दुकानदार धर्मेंद्र ने रेकी की। पुलिस सच्चाई की छानबीन कर रही है।
------------
चलती बाइक से छीने थे महिला का पर्स
- 13 मई को महुघाट के पास बाइक पर पीछे बैठकर जा रही महिला का दिन दहाड़े तीनों ने पर्स छीन लिया था। पर्स में 30 हजार रुपये थे, जिसे तीनों ने बराबर बांट लिया था। पुलिस ने उस रकम में से 6760 रुपये बरामद किया। बाकी एसपी का कहना है कि बाकी रकम तीनों ने अलग-अलग खर्च कर दिया।
------------
वीरेंद्र