जिला पंचायत की बैठक को संबोधित करते अध्यक्ष संजय चौधरी।
बस्ती। जिला पंचायत की बैठक शुरू होने से पहले जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी ने पदासीन सदस्यों के अतिरिक्त उनके प्रतिनिधियों को बैठक से बाहर कर दिया। इसके बाद हाल आधे से अधिक खाली हो गया। जिला पंचायत की बैठक शुरू हुई, जिसमें जिला पंचायत की आय बढाने व अन्य विकास कार्यों को कराने का निर्णय लिया गया। इसमें सबसे प्रमुख कार्य शहर के गांधीनगर में जिला पंचायत की जमीन पर शॉपिंग कांप्लेक्स बनाना शामिल है।
जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी व एमएलसी सुभाष यदुवंश समेत सभी विधायकों व ब्लॉक प्रमुखों ने गांधी जी व डॉ भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर बैठक का शुभारंभ किया। अपर मुख्य अधिकारी विकास मिश्रा ने एजेंडा के अनुसार पिछली बैठक की कार्यवाही से अवगत कराया। पुनरीक्षित बजट वर्ष 2022-23 व अनुमानित बजट वर्ष 2023-24 का यथावत अनुमोदन किया गया। जिले के 14 विकास खंडों के 2905 व्यवसायियों पर आरोपित टैक्स सूची का अनुमोदन किया गया और साथ ही लाइसेंस शुल्क में भी नियमानुसार वृद्धि का निर्णय लिया गया। लोहिया शॉपिंग कांप्लेक्स के अधूरे निर्माण कार्य को पूरा कराए जाने व पंजाब नेशनल बैंक को आवंटित गांधी नगर की जमीन पर शॉपिंग कांप्लेक्स के निर्माण, विकास भवन स्थित पुराना डाक बंगला संख्या एक पर व्यावसायिक भवन का निर्माण, असनहरा पुलिस चौकी के बगल स्थित जमीन पर दुकान का निर्माण, नार्मल स्कूल स्थित जमीन व अन्य जिला पंचायत की जमीनों पर व्यावसायिक भवनों का निर्माण कराने का निर्णय लिया गया। साथ ही बाबा भदेश्वरनाथ मेला व्यय का अनुमोदन व फुटहिया ओवर ब्रिज के नीचे स्थित रैन बसेरे व खरीद किए गए कैटल कैचर के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इस मौके पर विधायक महेंद्र नाथ यादव, राजेंद्र चौधरी, कवींद्र चौधरी आदि मौजूद रहे।