कप्तानगंज (बस्ती)। थाना क्षेत्र के खजुहा चौराहे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल दुकानदार की केजीएमयू में इलाज के दौरान मौत हो गई। शनिवार की सुबह दुकानदार का शव घर लाया गया। इससे परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने शव का भिउरा घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया।
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के खजुहा गांव निवासी संतोष कुमार चौधरी (40) की फोरलेन के खजुहा चौराहे पर पान की दुकान है। परिजनों के मुताबिक, बृहस्पतिवार की रात करीब 8:30 बजे संतोष दुकान बंद कर घर जा रहे थे, तभी बस्ती की तरफ से आ रही बेकाबू वाहन की टक्कर मार दी। इससे संतोष गंभीर रूप से घायल हो गए थे। रात होने के कारण काफी देर तक वह घायल अवस्था में पड़े रहे। आसपास के लोगों ने उन्हें सीएचसी कप्तानगंज पहुंचाया।
प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने घायल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया था। यहां से केजीएमयू रेफर कर दिया था। इलाज के दौरान शुक्रवार की शाम 5:30 बजे इलाज के दौरान दुकानदार की मौत हो गई। संतोष की मौत से पत्नी सरिता, बड़े बेटे वीर वर्मा (14), बेटी अनु (10), छोटा बेटा आर्यन (8) का रो रोकर बुरा हाल है। एसओ आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि दुर्घटना वाले वाहन की तलाश की जा रही है। संवाद