वृद्धाश्रम पहुंचे जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव
बस्ती। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव उमेश यादव की मौजूदगी में बनकटा स्थित वृद्धाश्रम में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान वृद्धाश्रम में रह रहे (संवासी) लोगों से उनके खानपान व स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली गई।
इस दौरान वृद्धाश्रम में रह रहे लोगों ने अपनी समस्याओं को उजागर किया। सचिव ने वृद्धाश्रम प्रबंधन को व्यवस्था में सुधार लाने के निर्देश दिए। लोगों ने बताया कि उन्हें खाना व नाश्ता निर्धारित मेन्यू के अनुसार नहीं दिया जाता है। कई महीनों से उन्हें नहाने के लिए साबुन व कपड़े धुलने के लिए सर्फ भी नहीं दिया जा रहा है। जिससे उन्हें काफी कठिनाइयां हो रही हैं। वृद्धाश्रम में कार्यरत कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें तीन-चार महीने से वेतन नहीं मिला है।
वृद्धाश्रम की प्रबंधक मीना पांडेय ने बताया कि दिसंबर 2021 से अभी तक कोई भी बजट वृद्धाश्रम को नहीं मिला है। जिसके कारण भुगतान नहीं हो पा रहा है। संवासियों ने यह भी जानकारी दी कि संवासी दयाराम को लगभग एक माह पहले चोट लग गई है, जिसका इलाज किसी चिकित्सक से नहीं कराया गया। सचिव उमेश यादव ने वृद्धाश्रम की प्रबंधक को निर्देश दिया कि किसी भी संवासी को कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए और आगे से कोई शिकायत नहीं मिलनी चाहिए।