बस्ती। पूर्वोत्तर रेलवे बस्ती के रास्ते जाने वाली स्पेशल ट्रेनें कई घंटों की देरी से चल रही है। जिससे यात्रियों को लंबे समय तक प्लेटफाॅर्म पर ट्रेनों के इंतजार में बैठना पड़ रहा है। शनिवार को जाने वाली पूणे-गोरखपुर स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन अपने निर्धारित समय से 12 घंटे की देरी से आई।
रेलवे समय सारणी के अनुसार, पूणे-गोरखपुर स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन के बस्ती रेलवे स्टेशन पर दोपहर दो बजे आने का समय था, लेकिन 12 घंटे लेट होने से यह ट्रेन अब रविवार रात 2:15 बजे के बाद आने की संभावना है। इस ट्रेन से सफर करने वाले यात्री दोपहर से ट्रेन के इंतजार में प्लेटफाॅर्म पर बैठे रहे और उन्हें दिन में जहां गर्मी की समस्या से जूझना पड़ा। वहींं रात में मच्छरों के प्रकोप से काफी परेशान होना पड़ा। इसके अलावा जो अन्य स्पेशल ट्रेनें विलंब से चल रही है, उनमें गोरखपुर छत्रपति शिवाजी टर्मिनल स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन 3:45 घंटे, गोरखपुर-पूणे स्पेशल एक्सप्रेस सात घंटे और पूर्णिया कोर्ट से अमृतसर को जाने वाली स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन अपने निर्धारित समय से 4:30 घंटे की देरी से चल रही है।
कोट-
रेलवे प्रशासन की ओर से ट्रेनों का संचालन समय से कराया जा रहा है, एक-दो स्पेशल ट्रेन लेट चल रही है, जो रास्ते में अपना समय कवर कर लेंगी। - सुमित कुमार, सीपीआरओ, एनई रेलवे