कोतवाली व पुरानी बस्ती क्षेत्र में पिछले दिनों हुई थीं घटनाएं
चोरी के गहने सस्ते दामों पर खरीदता था पुरानी बस्ती का स्वर्ण कारोबारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। कोतवाली पुलिस ने एसओजी के सहयोग से शहर में पिछले दिनों हुई चोरी की सात घटनाओं का खुलासा किया। तीन आरोपी गिरफ्तार किए गए। इनमें पुरानी बस्ती क्षेत्र का स्वर्ण व्यवसायी भी शामिल है। चोरी किए गए गहनों को वह खरीद लेता था। उसके पास से चोरी का माल भी बरामद किया गया।
एसपी गोपाल कृष्ण चौधरी ने पुलिस कार्यालय में बृहस्पतिवार को प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि 29 अगस्त को कोतवाली क्षेत्र के संतपुर गदहा खोर में हुई चोरी के संबंध में पुलिस छानबीन कर रही थी। कोतवाल विजय कुमार दुबे व एसओजी प्रभारी जनार्दन प्रसाद ने को मुखबिर की सूचना पर कृष्ण चंद सोनी निवासी नरहरिया पुरानी बस्ती, नंदलाल सोनी निवासी जसईपुर थाना नगर और रमन सोनी निवासी मंगल बाजार पुरानी बस्ती को पकड़ा।
पुलिस पूछताछ में कोतवाली क्षेत्र की सात चोरियों में शामिल होने की बात कबूल की है। इनमें कृष्ण चंद्र चौधरी सरगना बताया जा रहा है। दूसरा आरोपी नंदलाल सोनी उसके साथ सहयोग करता था। जबकि रमन सोनी पुरानी बस्ती का स्वर्ण व्यवसायी है, जो चोरी के आभूषणों को औने-पौने दाम पर खरीद लेता था। इनके कब्जे से दो सोने की चेन, एक लॉकेट, 12 पायल, छह बिछुआ, अंगूठी, चांदी के सिक्के आदि बरामद किए गए।
...
ऑनलाइन गेम खेलकर हार चुका है लाखों
पूछताछ में कृष्ण चंद सोनी ने पुलिस को बताया कि वह चोरी के पैसे से बस्ती से दिल्ली तक घूमता था। उसी पैसे से ऑनलाइन गेमिंग एप पर विभिन्न प्रकार के गेम में पैसा लगाकर करीब 10 से 12 लाख रुपये हार चुका है। दिन-रात घूम कर ताला बंद घरों की रेकी करता है। जिस घर के बाहर ताला लटका हुआ दिखता है और चोरी करने के लिए जहां मुफीद महसूस होता है, उस घर में कीमती जेवरों व पैसे को चुरा कर रमन सोनी की दुकान पर जाकर बेच देता है। कुछ रुपये नगद व कुछ अपनी पत्नी के खाता में भेजवा देता है। रमन सोनी ने बताया कि चोरी के गहने खरीदने के एवज में वह सात-आठ लाख रुपये के आसपास कृष्ण चंद को दे चुका है। साढे़ तीन लाख रुपये अभी बकाया है।
...
इन घटनाओं को कबूले
पुलिस के अनुसार कृष्ण चंद सोनी 29 अगस्त की रात अपने दोस्त नंदलाल सोनी के साथ संतपुर गदहाखोर से एक मकान से सोने-चांदी के जेवरात तथा रुपयों की चोरी की थी। अप्रैल में पिकौरा शिवगुलाम सेंट बेसिल स्कूल के पीछे के मोहल्ले में दिनदहाड़े में सोने-चांदी के गहने व रुपये चुराये थे। मई के पहले हफ्ते में डिडौहा में एक मकान का ताला तोड़कर गहने व रुपये तथा मई के तीसरे हफ्ते में गहदाखोर मोहल्ले में एक और मकान का ताला तोड़कर गहने व रुपये चोरी की थी। जून में आंबेडकर पार्क के पास मड़वानगर में एक मकान में घुस ताला तोड़कर गहने व रुपये पर हाथ साफ किया था। अगस्त के पहले सप्ताह में बड़ेवन मड़वानगर के पास से एक मकान का ताला तोड़कर गहने व पैसे चुराया था। पिछले साल नवंबर में भी सदर अस्पताल के आगे इटैली पांडेय मोहल्ले में एक घर से दिन में ताला तोड़कर गहने व पैसे चुराया था।