रुधौली। बस्ती-बांसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार दोपहर करीब एक बजे नसीबगंज तिराहे के पास बाइक और कार की भिड़ंत हो गई। बाइक सवार बुजुर्ग और कार में सवार छह लोग घायल हो गए।
मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने आधे घंटे तक एंबुलेंस का इंतजार किया। उसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से ऑटो से घायलों को सीएचसी रुधौली पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने सभी को जिला अस्पताल बस्ती रेफर कर दिया।
हादसे में कनकपुरवा निवासी 56 वर्षीय रामचंद्र का बायां पैर फ्रैक्चर हो गया। कार सवार बिंद्रावती का भी पैर टूट गया। कार में सवार इंद्रावती शर्मा, चालक शिवम, श्रद्धा शर्मा और ब्रह्मा शर्मा समेत छह लोग घायल हो गए।
सूचना मिलते ही रुधौली पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी थी लेकिन एंबुलेंस नहीं पहुंची। इस दौरान घायल सड़क पर ही दर्द से कराहते रहे। पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से एक ऑटो रुकवाया।
उसमें सवार यात्रियों को उतारकर घायलों को बैठाया गया और अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे की जानकारी मिलने पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी के पुत्र अखिलेश चौधरी सीएचसी रुधौली पहुंचे। उन्होंने घायलों और उनके परिजनों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
प्रभारी निरीक्षक संजय दुबे ने बताया कि सूचना मिलते ही मय टीम मौके पहुंचे और घायलों को निजी वाहन से सीएचसी रुधौली पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल बस्ती रेफर कर दिया।