नगर पुलिस ने चोरी के मोटर के साथ दो अभियुक्तों को किया गिरफ्तार।
- फोटो : BASTI
चोरी के सात विद्युत मोटर पंप बरामद, दो गिरफ्तार
नगर थाने की पुलिस को मिली कामयाबी
नगर बाजार (बस्ती)। सूखे की स्थिति में खेत की सिंचाई करते समय चोरी किए गए सात विद्युत मोटर पंप नगर पुलिस ने बरामद किया है। चोरों ने यह सभी मोटर किसी न किसी को बेच दिया था। पुलिस ने मोटर चोर गिरोह के दो गुर्गों को गिरफ्तार कर सभी मोटर बरामद किया। पुलिस की इस कार्रवाई से किसानों ने राहत की सांस ली है। इन दिनों दिन-रात वे इन्हीं मोटर के सहारे सूखे से झुलस रही फसल को बचाने में लगे हैं।
पिछले दिनों थाना क्षेत्र के कुछ अन्य स्थानों पर हुई मोटर पंप चोरी से संबंधित गिरोह पकड़ा गया था। जिनके जरिए कुछ अन्य सदस्यों का नाम सामने आया था। उसी आधार पर थाना क्षेत्र के मरहा निवासी मुकेश और इसी थाने के नरायनपुर निवासी प्रदीप को महरीपुर व कुसमौर जाने वाली पुलिया के पास पकड़ा। एसओ धर्मेंद्र तिवारी के मुताबिक वे लोग सड़क पर खड़े होकर किसी वाहन का इंतजार कर रहे थे। थाने ले जाकर पूछताछ में मुकेश और प्रदीप ने नगर थाना क्षेत्र के बंजरिया व कप्तानगंज थाना क्षेत्र के कोईलपुरा के सीवान समेत अन्य जगहों से मोटर पंप चोरी की बात कबूल किया। दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से सात विद्युत मोटर बरामद किया।
-------------
पुलिस की कहानी में झोल
पुलिस की मोटर बरामदगी की कहानी में कई झोल है। सबसे बड़ी बात पुलिस का कहना है कि बोरे में भरकर दोनों आरोपी सात मोटर लेकर सड़क के किनारे वाहन का इंतजार कर रहे थे। जबकि एक बोरे में एक या दो मोटर से ज्यादा नहीं आ सकता है। सात मोटर के लिए कम से कम तीन-चार बोरे चाहिए। दो आरोपियों के सात मोटर पैदल लेकर निकलने की बात भी सही नहीं लगती, क्योंकि एक-एक मोटर का वजन 60-70 किलो से कम नहीं होगा। मगर पुलिस इस बावत कुछ भी स्पष्ट बोलने को तैयार नहीं है।