आयुक्त सभागार में डीएम प्रियंका निरंजन और सीडीओ डॉ. राजेश कुमार प्रजापति के साथ अटल आवासीय विद्
बस्ती। अटल आवासीय विद्यालय में शैक्षणिक सत्र जुलाई से प्रारंभ करने के लिए प्रवेश परीक्षा एवं अन्य तैयारियां समय से पूर्ण करें। शासन की ओर से जारी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का कड़ाई से पालन किया जाए।
भेह निर्देश मंडलायुक्त योगेश्वर राम मिश्र ने दिए हैं। वह शुक्रवार को आयुक्त सभागार में मंडल स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक में बोल रहे थे। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2023-24 के लिए कक्षा-6 में 40 बालक एवं 40 बालिका का प्रवेश लेने के लिए परीक्षा का आयोजन जून के प्रथम सप्ताह में किया जाएगा। आयुक्त ने बताया कि इस विद्यालय में उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अन्तर्गत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों, कोरोना काल में निराश्रित तथा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के लिए पात्र बच्चों को समाज की मुख्य धारा से जोड़े जाने के लिए उनके बौद्धिक एवं शारीरिक विकास के दृष्टिगत मुख्यमंत्री के निर्देश पर श्रम विभाग के अधीन एक हजार बच्चों की आवासीय क्षमता के अटल आवासीय विद्यालय का प्रत्येक मण्डल में निर्माण कराया गया है। बस्ती जिले के हर्रैया तहसील के परशुरामपुर ब्लाक में ग्राम बसेवाराय में यह विद्यालय निर्मित है।
इसमें कक्षा-6 में प्रवेश के लिए जन्म 1 मई 2010 से पहले और 30 अप्रैल 2013 के बाद नहीं होना चाहिए। इसमें प्रवेश के लिए पंजीकृत श्रमिक के रूप में 1 अप्रैल 2023 को कम से कम 3 वर्ष बोर्ड की सदस्यता अवधि पूर्ण करने वाले प्रत्येक परिवार के अधिकतम 2 बच्चे पात्र होंगे। संपूर्ण प्रवेश प्रक्रिया को समय से पूर्ण करने के लिए सीडीओ, बस्ती को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। प्रवेश परीक्षा मंडल के तीनों जनपदों के मुख्यालय पर आयोजित की जाएगी।
डीएम प्रियंका निरंजन ने कार्यदायी संस्था पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता अवधेश कुमार को निर्देशित किया कि विद्यालय परिसर में जलनिकासी के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करायें। इस मौके पर डॉ. सीडीओ डा. राजेश कुमार प्रजापति, उप निदेशक शिक्षा मनोज कुमार गिरी, जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य प्रदीप शुक्ल, समिति के सदस्य अवकाश प्राप्त उप प्राचार्य प्रदीप कुमार त्रिपाठी, डीआईओएस डीएस यादव, बीएसए डॉ. इंद्रजीत प्रजापति आदि मौजूद रहे।