बस्ती। सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए सेवा संकल्प अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मंगलवार को हर्रैया और रामनगर में बहुउद्देशीय शिविर लगाए गए। बभनान में विज्ञान प्रदर्शनी आयोजित हुई। शिविरों में ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ आवेदन और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
हर्रैया प्रतिनिधि के अनुसार, ब्लॉक सभागार में सेवा शिविर का शुभारंभ पूर्व मंत्री राजकिशोर सिंह ने किया। उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों से उपलब्ध सेवाओं और योजनाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा सुविधा योजना के तहत तीन रसोइयों को प्रतीकात्मक चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए। मौके पर प्रमुख प्रतिनिधि योगेंद्र सिंह, बीडीओ विनय कुमार द्विवेदी मौजूद रहे।
भानपुर प्रतिनिधि के अनुसार, रामनगर ब्लॉक में आयोजित शिविर में 439 लाभार्थियों ने हिस्सा लिया। इनमें 183 लोगों ने विभिन्न योजनाओं के लिए आवेदन किया, जबकि 124 आवेदन स्वीकृत किए गए। शिविर में 50 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर चिकित्सकों ने परामर्श और दवाएं दीं। क्षेत्र पंचायत प्रशासक यशकांत सिंह व अन्य मौजूद रहे।
बभनान प्रतिनिधि के अनुसार, आचार्य नरेंद्र देव किसान पीजी कॉलेज में विज्ञान प्रदर्शनी आयोजित की गई। इसमें विभिन्न स्कूल-कॉलेजों के छात्र-छात्राओं ने विज्ञान आधारित 97 चार्ट और मॉडल प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने वैज्ञानिक सोच, नवाचार, पर्यावरण संरक्षण और जनोपयोगी तकनीक से जुड़े मॉडल प्रदर्शित कर समाज और राष्ट्र की सेवा का संकल्प लिया। निर्णायक मंडल ने मॉडलों का उपयोगिता, नवीनता, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और प्रस्तुतिकरण के आधार पर मूल्यांकन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य प्रो. डॉ. धर्मेंद्र कुमार शुक्ल ने की।