नगर थाना क्षेत्र के ग्राम पगार मे मृतका सीमा यादव के परिजन
बस्ती जिले में नगर थाना क्षेत्र के पगार गांव में एक 17 वर्षीय किशोरी का छत की कुंडी में रस्सी के सहारे लटका शव मिला। खेत से लौटे घर लोगों ने उसे लटका देखा तो सन्न रह गए। जिंदा होने की उम्मीद में फंदे से उतारकर जिला अस्पताल लेकर गए। जहां देखते ही डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नगर थाना क्षेत्र के ग्राम पगार निवासी सीमा यादव (17 ) पुत्री झिनकान यादव गांव के एक प्राइवेट विद्यालय में इंटरमीडिएट में पढ़ रही थी। सोमवार को वह उठी और घर का काम करने के बाद परिजनों को भोजन दिया। उसके बाद परिजन खेत में चले गए। लगभग दस बजे परिजन घर आए तो सीमा को आवाज दी, लेकिन कोई जवाब न पाकर वह घर में बने एक कमरे में गए। वहां छत की कुंडी से रस्सी के सहारे सीमा काे लटके देखकर सन्न रह गए।
थाना प्रभारी नगर जनार्दन प्रसाद ने बताया कि शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बस्ती भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।