देश भर की विशिष्ट हस्तियों की मौजूदगी से अयोध्या अतिसंवेदनशील
एडीजी, आईजी, एसपी फोर्स के साथ लगातार कर रहे बाॅर्डर की निगरानी
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। अयोध्या में श्रीराम लला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह का देश भर की विशिष्ट हस्तियां गवाह बन रही हैं। इस महा आयोजन में शंकराचार्यों, केंद्रीय मंत्रियों के साथ ही तमाम बड़े उद्योगपति, फिल्मी हस्तियां, कलाकार, साहित्यकार, नामचीन खिलाड़ी सहित अन्य मूर्धन्य पहुंचे हुए हैं। एक साथ इतनी बड़ी तादाद में महानुभावों के एकत्र होने की वजह से सुरक्षा एजेंसियों की दृष्टि में अयोध्या अत्यंत संवेदनशील माना गया है।
इसे देखते हुए अयोध्या की तरफ से पुलिस, पैरा मिलिट्री फोर्स के साथ ही सभी इंटेलीजेंस एजेंसियों ने तंबू तान रखा है। साथ ही, बस्ती की तरफ से भी जल-थल और नभ से सख्त निगरानी की जा रही है। थल पर पुलिस-पीएसी के जवान मोर्चा संभाले हुए हैं तो सरयू नदी के घाटों और जल के ऊपर जल पुलिस का पहरा है। ड्रोन के जरिए नभ से भी नजर रखी जा रही है। ताकि कोई आतंकी या अराजकतत्व इस अभूतपूर्व आयोजन में खलल न डाल सके।
एडीजी डॉ. केएस प्रताप ने आईजी आरके भारद्वाज, एसपी गोपाल कृष्ण चौधरी व अन्य अधिकारियों के साथ फोरलेन पर डायवर्जन प्वाइंट और घघौआ पुलिस चौकी पर बनाए गए कंट्रोल रूम का जायजा लिया। एडीजी ने बताया कि पुलिस व अन्य एजेंसियां हाईअलर्ट पर हैं। घघौआ चौकी के साथ ही अन्य किसी भी मार्ग से अयोध्या में प्रवेश करने की किसी को इजाजत नहीं है। अयोध्या प्रशासन ने जिसे पास जारी कर रखा है, आमंत्रित अतिथि गण और आकस्मिक सेवा से जुड़े वाहनों को ही उधर जाने दिया जा रहा है।