शहर के मालवीय रोड पर सात जनवरी की रात हुआ था विवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। शहर के मालवीय रोड पर कार से टक्कर के बाद 15 दिन पहले जमकर विवाद हुआ। कोतवाली क्षेत्र के रोडवेज तिराहे के पास मारपीट भी हुई। दोनों पक्ष ने एक-दूसरे पर बलवा, मारपीट व रुपये लूटने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों पक्षों के दो नामजद समेत करीब 30 आरोपियों पर लूट, बलवा सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।
एक पक्ष के ठाकुर प्रेम नंदवंशी जिलाध्यक्ष राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा बस्ती ने तहरीर देकर बताया कि सात जनवरी की रात नौ बजे ब्लाॅक रोड के पास एक होटल से खाना खाकर निकला। नेहरू चौक पर कार व बाइक से पहुंचे तो 15 से 20 लोगों ने अपशब्द कहते हुए मारापीटा और दो हजार रुपये भी छीन लिए। घसीटते हुए अपनी कार में बैठा लिया। न्यू आदर्श हास्पिटल के सामने मारपीट कर छोड़ दिया।
दूसरे पक्ष के मोनू शुक्ला निवासी पिकौरा दत्तू राय थाना कोतवाली ने तहरीर दी। बताया कि वह अभिजीत सिंह के साथ रंजीत चौराहा स्थित होटल से खाना खाकर मालवीय रोड क्रास कर रहे थे। तभी एक कार ने मोनू शुक्ला को चपेट में ले लिया। गंभीर रूप से घायल होने पर साथी अभिजीत हमको लेकर जिला अस्पताल जा रहे थे। घोड़ा मूर्ति के सामने प्रेमनंद नंदुवंशी निवासी महादेवा थाना पैकोलिया व अनूप विश्वकर्मा निवासी सिसवारी रघुवीर सिंह पुरवा थाना नगर 6-7 लोगों के साथ खड़े थे। उन्हें पहचानकर पूछा कि तुम्हीं लोग कार से ठोके हो, कोतवाली शिकायत करने जा रहा हूं। तभी प्रेमनंद नंदवंशी मारपीट करने लगा। अपशब्द कहते हुए पांच हजार रुपये छीनकर धमकी देते हुए भागा। पुलिस तफ्तीश कर रही है।