बस्ती। पूर्व प्रधान, ग्राम विकास अधिकारी और बैंक की साजिश से ग्राम निधि प्रथम के खाते से निकाले गए 2.89 लाख रुपये के मामले में उप निदेशक पंचायत एसके पटेल ने जिला विकास अधिकारी दुर्गादत्त शुक्ल को सचिव शिव नंदन त्रिपाठी को निलंबित करने के लिए लिखा है।
यह कार्रवाई एडीओ (पंचायत) बनकटी की रिपोर्ट पर की गई। विकास खंड बनकटी के ग्राम पंचायत खैराटी में ग्राम निधि के खाते पर रोक के बावजूद पूर्व प्रधान रमा देवी और ग्राम विकास अधिकारी शिवनंदन त्रिपाठी ने तीन तिथियों में दो लाख 89 हजार रुपया बिना किसी अनुमोदन के निकाल लिए।
जबकि प्रशासक होने के नाते ग्राम विकास अधिकारी को रकम निकालने का अधिकार ही नहीं है। डीपीआरओ एपी त्रिपाठी ने बताया कि एसबीआई बैंक की बनकटी शाखा को पहले ही पत्र द्वारा यह बता दिया गया था अगर रोक के बावजूद धनराशि निकाली गई तो इसकी पूरी जिम्मेदारी बैंक की होगी।
वहीं उप निदेशक पंचायत एसके पटेल नें बताया कि पूर्व प्रधान, ग्राम विकास अधिकारी और बैक की सांठगांठ से सरकारी धन निकाला गया जो कि गबन की श्रेणी में आता है, इसके लिए इनमें शामिल सभी लोगाें के विरुद्ध विधिक कार्रवाई के साथ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।