रविवार को तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत आहर में एसडीएम/ज्वाइंट मजिस्टे्ट अमनदीप डुली ने तहसीलदार जसीम अहमद के साथ चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और निस्तारण का आश्वासन दिया। एसडीएम ने गांव से बाहर स्थित काली मंदिर पर पेड़ के नीचे तख्त पर बैठकर लोगों से चर्चा की। गांव में कोई सरकारी भवन अथवा विद्यालय न होने की जानकारी मिलने पर एसडीएम ने ग्राम प्रधान से चौपाल में ही इसके लिए प्रस्ताव करने के निर्देश दिए।
चौपाल में गांव के अजय पाण्डेय ने कोटेदार की शिकायत करते हुए राशन कार्ड की सूची से नाम काटने की बात कही। इस पर उन्होंने आपूर्ति विभाग के अधिकारियों से गांव के राशन कार्ड सूची का मौके पर ही सत्यापन करने का आदेश दिया। चंद्र प्रकाश पाण्डेय ने सोनहा में स्थित खाद्य विभाग के धान क्रय केंद्र पर खरीद न किए जाने की शिकायत की। रामशंकर पाण्डेय ने गांव में बिजली पोल लगवाने की मांग की। इसके लिए उन्होंने एसडीओ विद्युत को एस्टीमेट बनाने के लिए कहा। शिक्षा, चिकित्सा, आगंनबाड़ी, विकास और राजस्व से जुडे़ मामलों की जानकारी ली। इस मौके पर एसडीओ विद्युत अमित कुमार, एमओआईसी सल्टौवा डॉ रवींद्र वर्मा, आपूर्ति निरीक्षक सत्येन्द्र प्रसाद, प्रभारी एडीओ समाज कल्याण नरेंद्र दत्त शर्मा सहित लोक निर्माण, जल निगम, लघु सिंचाई के अधिकारियों के साथ ग्राम प्रधान बब्लू कुमार, राघवेंद्र पाण्डेय, अंकित त्रिपाठी, देवेंद्र पाण्डेय, ओमप्रकाश त्रिपाठी, ओम प्रकाश पाण्डेय, कमल भान पाण्डेय सहित अन्य मौजूद रहे।