बीआर इंटर कॉलेज में शुरू हुआ तीन दिवसीय प्रशिक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
हर्रैया। बीआर इंटर कॉलेज में सोमवार को तीन दिवसीय स्काउट गाइड प्रशिक्षण शिविर शुरू हुआ। प्रधानाचार्य श्रीकांत मिश्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्काउट गाइड का प्रशिक्षण जीवन जीने की कला सिखाती है।
मुख्य प्रशिक्षक अमित कुमार शुक्ला ने प्रशिक्षण के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्काउट गाइड के माध्यम से हम विद्यालय स्तर से ही ऐसा नागरिक बनाना शुरू करना चाहते हैं जो आगे चलकर राष्ट्र निर्माण में पूरी सक्रियता के साथ अपना योगदान दे सके। उन्होंने कहा कि तीन दिनों तक प्रशिक्षुओं को तमाम तरह के प्रशिक्षण दिए जाएंगे। प्रथम दिवस पर प्रशिक्षार्थियों को ध्वज बांधने के तरीके, विशिष्ट तालियां, गांठ बांधने के तरीकों के बारे में बताया गया। स्काउट गाइड प्रार्थना, प्रतिज्ञा, कैंप में रहने के तरीके बताए गए। सहायक प्रशिक्षक निखिल चौधरी व संगीता प्रजापति की सक्रिय भूमिका रही। इस मौके पर सुनील श्रीवास्तव, फागुलाल गुप्ता, अशोक कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।