गौर-बभनान मार्ग पर सोनवलिया गांव के पास हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
गौर। बभनान-गौर मार्ग पर बुधवार की सुबह करीब पांच बजे सोनवलिया गांव के पास स्कॉर्पियो और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। बाइक के परखच्चे उड़ गए। बाइक चला रहे युवक की मौके पर मौत हो गई है। जबकि पीछे बैठी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार, सोनहा क्षेत्र के लेदवा गांव के नंद गोपाल पांडेय (32) पत्नी गीता उर्फ अंजली (30) के साथ सुबह बाइक से गोंडा जिले के छपिया क्षेत्र के चकिया गांव ससुराल में किसी के निधन पर दाह संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। गौर-बभनान मार्ग पर सुमही चौराहे के पास सोनवलिया गांव के पास सामने से आ रही बेकाबू स्कार्पियो ने बाइक को चपेट में ले लिया। महिला की चीख-पुकार व हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो देखा महिला तड़प रही थी, जिसे लोगों ने एंबुलेंस से गौर सीएचसी भेजवाया, जहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
गोपाल दो भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके दो बच्चे भी हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। प्रभारी निरीक्षक गौर रामकुमार राजभर ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।