बस्ती। एक जुलाई से निजी एवं सरकारी स्कूल खुल जाएंगे। पठन-पाठन शुरू हो जाएगा। परिषदीय स्कूलों में इस बार बच्चों के स्वागत की विशेष तैयारी की जा रही है। परिषदीय स्कूलों में जिन बच्चों को किताबें नहीं मिल पाई थीं, पहले ही दिन उन किताबों को भी बांटने की भी तैयारी है। ये किताबें स्कूलों में पहुंचाई जा चुकी हैं।
शिक्षा विभाग की ओर परिषदीय स्कूलों में तैयारी पूरी कर ली गई है। बच्चों का स्वागत तिलक लगाकर तथा माला पहना कर किया जाएगा। स्कूलों में साफ सफाई की व्यवस्था पूरी कर ली गई है। कमरों में लगे ब्लैक बोर्ड को चमकाया गया है। स्कूलों के मुख्य द्वार या बरामदे में रंगोली की व्यवस्था की गई है। बेसिक शिक्षा अधिकारी अनूप कुमार ने निर्देश दिया है कि पहले दिन स्कूलों की साज सज्जा पर भी विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि उत्सव जैसा माहौल लगे।
उन्होंने बताया कि परिषदीय स्कूलों में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पहले दिन बच्चों के लिए मिड-डे मील में रुचिकर मीठा भोजन देने की व्यवस्था की गई है। सभी बीईओ और प्रधानाध्यापकों से कहा गया है कि पहले दिन वे छात्र-छात्राओं के लिए हलवा-खीर जैसे रुचिकर भोजन की व्यवस्था करें। बच्चों का स्वागत हर्षोल्लास के साथ किया जाएगा ताकि बच्चों के मन में स्कूल के प्रति लगाव पैदा हो। जिससे उनमें नियमित उपस्थिति तथा सक्रियता का भाव पैदा होगा।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि कक्षा एक से तीन तक के छात्र-छात्राओं को जो किताबें नहीं मिल पाई हैं उन किताबों को स्कूलों पर भेज दिया गया है। पहले ही दिन उन किताबों को छात्र-छात्राओं को मुहैया करा दिया जाएगा।