अब ऑनलाइन होगा शिक्षकों को स्कूल का आवंटन
बस्ती। जिले में परिषदीय विद्यालयों में तैनात शिक्षकों के अंतरजनपदीय स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी हो गई है। कई जिलों के शिक्षक गृह जनपद जाने के लिए काफी दिनों से तबादले का इंतजार कर रहे थे। शुक्रवार को स्थानांतरण की सूची जारी होने के बाद शिक्षकों के चेहरे खिल उठे, लेकिन जब ये कार्यमुक्त होकर स्थानांतरित जिलों में पहुंचेंगे तो स्कूल का आवंटन ऑनलाइन किया जाएगा।
जिले में 1747 प्राथमिक और 639 उच्च प्राथमिक विद्यालयों में करीब पांच हजार से अधिक सहायक अध्यापक कार्यरत हैं। अंतरजनपदीय स्थानांतरण के तहत जिले के 1006 सहायक अध्यापकों ने ऑनलाइन आवेदन किया था। 623 शिक्षकों ने काउंसिलिंग कराई थी। 523 शिक्षकों का आवेदन स्वीकृत हुआ था। हालांकि अब तक कितने शिक्षकों का स्थानांतरण हुआ है और कितने शिक्षक जिले में स्थानांतरण होकर आएंगे, इसकी जानकारी अभी कार्यालय को नहीं मिली है। जिले में अंतरजनपदीय स्थानांतरण के लिए 517 जगह रिक्त हैं। प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक के 285 जगह रिक्त हैं, जबकि उच्च प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक के पांच और सहायक अध्यापक के 227 जगह खाली हैं। उधर, 69 हजार शिक्षक भर्ती के दूसरे चक्र में भर्ती शिक्षकों का स्कूल आवंटन रोका गया है। शासन के निर्णय लेने के बाद ही इन नवनियुक्त शिक्षकों को स्कूल का आवंटन किया जाएगा।
देना होगा तीन स्कूलों का विकल्प
स्कूल का आवंटन ऑनलाइन होने से बीएसए की दखल तैनाती में कम हो जाएगी। शिक्षकों को वरीयता के अनुसार स्कूलों का विकल्प चुनना होगा। तैनाती के लिए कम से कम तीन स्कूल सॉफ्टवेयर पर भरने होंगे। अब तक स्थानांतरित शिक्षकों को तैनाती के नाम पर बीएसए कार्यालय में चक्कर काटना पड़ता था। स्कूल आवंटन के लिए सिफारिश भी चलती थी। ऑनलाइन तैनाती से न सिर्फ इस समस्याओं से निजात मिलेगा, बल्कि पारदर्शिता भी रहेगी। विकल्प चुनने की व्यवस्था से शिक्षकों को भी राहत मिलेगी।
कोट्स
शासन से अंतरजनपदीय स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी हो गई है। विभाग की ओर से शिक्षकों के मोबाइल फोन पर सूचना भेजी गई है। स्थानांतरण की सूची मिलने के बाद स्कूल आवंटन के लिए ऑनलाइन प्रकिया शुरू होगी।
जगदीश शुक्ला, बीएसए