कोरोना से सात ने गंवाई जान, 34 नए केस
बस्ती। जिले में सोमवार को मात्र 34 लोग कोरोना से संक्रमित मिले हैं। महर्षि वशिष्ठ मेडिकल कॉलेज से इनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके चलते एक्टिव मरीजों की संख्या अब घटकर 642 हो गई है। दूसरी ओर ओपेक चिकित्सालय कैली में इलाज के दौरान सात लोगों ने कोरोना से दम तोड़ दिया।
कैली में भर्ती 92 लोगों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है। सीएमओ डॉ. अनूप कुमार ने बताया कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए नमूना एकत्रित किया जा रहा है। गांव-गांव टीम लगाकर बाहर से आने वाले लोगों के भी नमूने लिए जा रहे हैं। गंभीर मरीजों के लिए ओपेक चिकित्सालय कैली में व्यवस्था है, जबकि सामान्य मरीजों के लिए लेबल-वन के दो अस्पताल बनाए गए हैं। जिले में अब तक 489686 नमूने एकत्रित किए गए हैं। इनमें से 485434 की रिपोर्ट आ गई है, जिनमें से 473995 की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
अब तक 11439 पॉजिटिव केस मिले हैं। 642 केस एक्टिव हैं। 4252 नमूनों के परिणाम का इंतजार है। अब तक 10420 लोग ठीक होकर घर जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि ओपेक चिकित्सालय कैली में उपचार के दौरान सात लोगों ने कोरोना से दम तोड़ दिया है। जिले में अब तक 303 लोगों की कोरोना से जान जा चुकी है। जिले के 340 कंटेनमेंट जोन में स्वास्थ्य विभाग पूरी सक्रियता बरत रहा है।