बभनान। ओवरलोड के चलते सरनागी गांव में लगा 63 केवीए का ट्रांसफार्मर धू-धू कर जल गया। गनीमत रही की हादसा नहीं हुआ। सूचना के बाद पाॅवर हाउस से सप्लाई बंद की गई। ग्रामीणों ने बताया कि 2 माह के अंदर चार बार ट्रांसफाॅर्मर बदला जा चुका है। जबकि ग्रामीण लगातार ट्रांसफाॅर्मर की क्षमता बढ़ाने के लिए विभाग को सूचित भी कर चुके हैं।
जानकारी के अनुसार, बभनान पावर हाउस से गौर फीडर से जुड़े सरनागी गांव में लगा ट्रांसफाॅर्मर खराब होने से 24 घंटे से आपूर्ति बाधित है। बिजली के उपकरण बंद हो चुके हैं। गांव के शिवपूजन सिंह, भूपेंद्र सिंह, सोनू सिंह, कुलदीप, हितकारी आशीष सिंह आदि का कहना है कि ट्रांसफाॅर्मर की क्षमता वृद्धि की मांग की गई है लेकिन, विभाग ध्यान नहीं दे रहा है। इसके चलते ट्रांसफाॅर्मर लगातार दगा दे रहा है। बुधवार को ट्रांसफाॅर्मर जलने लगा और इसमें लगे तीनों फेस के तार कट कर गिर गए। अवर अभियंता राम प्रकाश ने बताया कि ट्रांसफार्मर बदलने के लिए इंडेंट भेजा गया है। जैसे ही आएगा तुरंत लगा दिया जाएगा।