बस्ती। रुधौली नगर पंचायत के अंतर्गत कर्बला की गंदगी का वीडियो बनाने के दौरान मारपीट, मोबाइल व रुपये छीनने के आरोप में नामजद संविदा लिपिक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इसे लेकर सोमवार को नगर पंचायत रुधौली के सभी कर्मचारी कार्य बहिष्कार कर धरने पर बैठ गए। संविदा लिपिक पर दर्ज मुकदमे काे फर्जी करार देते हुए गिरफ्तारी को गैर न्यायिक बताते हुए न्याय की मांग करने लगे।
धरने पर बैठे सफाई कर्मियों ने अपनी मांग रखते हुए कहा कि 27 जुलाई को हुई मारपीट के मामले में घटना के समय लिपिक प्रेम प्रकाश पटेल कार्यालय पर मौजूद थे। वह ईओ और नगर पंचायत के निर्वाचित सभासदों के साथ जरूरी बातचीत कर रहे थे। फिर भी उनका नाम साजिश के तहत एफआईआर में दर्ज कराया गया और उनकी गिरफ्तारी की गई। जब तक प्रेम प्रकाश पटेल को न्याय नहीं मिलता तब तक समस्त सफाई कार्य का बहिष्कार होगा। कोई सफाई कर्मचारी सफाई कार्य नहीं करेगा।
इस दौरान सफाई नायक राजेश कुमार, हरेंद्र श्रीवास्तव, रवि, अभिनय, संजय सफाईकर्मी बच्चनलाल, अर्जुन, नबीहुसेन, माया देवी, मुन्नी, चंपा, रागनी, अमरमणि, चंद्रभान, रामबुझारत, दिलीप, कपिल, शिवकुमार, सरंजीत, सत्यप्रकास, रामसूरत मेवालाल, स्यामु, अमरजीत, प्रेमसागर, महेश, आशीष, मोहन, संजीव, रवि राव, लाल कुंवर, राम मिलन, इरफान आदि मौजूद रहे।