बस्ती। जिला कारागार बस्ती में बुधवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम निरीक्षण करने पहुंची। यहां खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। संग्रहित चार नमूनों को जांच के लिए वाराणसी प्रयोगशाला भेजा जाएगा। वहीं खाना बनाने वालों को स्वच्छतापूर्वक खाना पकाने की जानकारी दी गई। साफ-सफाई को लेकर प्रेरित किया गया।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार सिंह व खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिनेश चौधरी शाम को जेल पहुंचे। यहां पाकशाला का निरीक्षण किया गया। साथ ही दाल, नमक, मसाला और गुड़ का सैंपल लिया। खाना पकाने वाले को पाकशाला की सफाई के बारे में अवगत कराया। इसके साथ ही भोजन कैसे शुद्धता के साथ पकाया जाता है इसके बारे में भी जानकारी दी। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि बंदियों को गुणवत्तापूर्ण भोजन मिले, इसके लिए जेल की तरफ से हर माह खाद्य सामग्रियों की जांच कराई जाती है। उसी के क्रम में जांच की गई है।
खाद्य पदार्थों में कोई गड़बड़ी है या नहींं इसकी पुष्टि रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी। कहा कि पाकशाला में साफ-सफाई बेहतर मिली है, जो भोजन पकाने का कार्य करते हैं, उन्हें स्वच्छता पूर्वक भोजन बनाने का प्रशिक्षण दिया गया।