बस्ती। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का शिविर प्रत्येक गांव में 22 मई से 10 जून तक लगेगा। यह आयोजन पंचायत भवन, प्राथमिक विद्यालय, सार्वजनिक स्थल पर सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक होगा। यह जानकारी संयुक्त कृषि निदेशक अविनाश चंद्र तिवारी ने दी। बताया कि शिविर में क्षेत्रीय कर्मचारी कृषि विभाग के प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी, ग्रुप-बी, एटीएम,बीटीएम, ग्राम्य विकास विभाग के ग्राम्य विकास अधिकारी, पंचायत विभाग के ग्राम पंचायत सेक्रेटरी एवं राजस्व विभाग के लेखपाल मौजूदगी में सत्यापन एवं अपलोडिंग का कार्य किया जाएगा। ऐसे सभी किसान जिनका भू-लेख अंकन एवं आधार सीडिंग नहीं हुआ है या किसी अन्य कारण से सम्मान निधि योजना के लाभ से वंचित है, वे अपने आधार कार्ड, खतौनी, बैंक पासबुक आदि अभिलेखों के साथ शिविर में पहुंचकर भूलेख अंकन एवं आधार से बैंक खाता का लिंक अनिवार्य रूप से करा लें। जिससे योजना की अगली किश्त से सभी किसान लाभान्वित हो सके। इस शिविर में ही पोस्ट आफिस के प्रतिनिधि की ओर से 100 रुपये से खाता खोलने की व्यवस्था भी रहेगी।