थाने से वापस न किए जाएं फरियादी, तत्काल करें समस्या का निस्तारण
समाधान दिवस : डीएम और एसपी ने मुंडेरवा थाने में सुनीं लोगों की समस्याएं
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। जिले के थानों में शनिवार को समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इसमें लोगों की समस्याएं सुनकर उनका निस्तारण किया गया। इस दौरान कुछ को न्याय मिला तो कुछ को आश्वासन लेकर लौटना पड़ा।
मुंडेरवा प्रतिनिधि के अनुसार, थाने पर डीएम आशुतोष निरंजन व एसपी हेमराज मीणा ने लोगों की फरियाद सुनी। यहां पांच मामले आए, जिसमें से पुलिस से संबंधी एक मामले का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। सिकरा खुर्द, कराहपीठिया, जगुई, अमानाबाद गांव में भूमि विवाद के मामलों के लिए टीम गठित कर मौके पर भेजा गया। डीएम ने कहा कि कोई भी फरियादी थाने से वापस न किया जाए। तत्काल उसकी समस्या का निस्तारण किया जाए। इस दौरान थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह, योगेंद्र नाथ, सुरेश पटवा, कुलदीप, अमरनाथ आदि मौजूद रहे।
कोतवाली में एसडीएम आशा राम वर्मा ने लोगों की फरियाद सुनी। यहां आए चार मामलों में दो का निस्तारण हुआ। यह जानकारी कोतवाल रामपाल यादव ने दी। पुरानी बस्ती थाने में थानाध्यक्ष अवधेश राज सिंह ने लोगों की समस्याएं सुनी। यहां तीन मामले आए, जिसमें से एक का मौके पर निस्तारण हुआ।
बनकटी प्रतिनिधि के अनुसार, लालगंज थाने पर तहसीलदार सदर पवन जायसवाल ने लोगों की समस्याएं सुनी। थानाध्यक्ष ब्रह्मा गौड़ ने बताया कि कुल तीन मामले आए थे, जिसके निस्तारण के लिए टीम गठित कर दी गई। कलवारी प्रतिनिधि के अनुसार, सीओ कलवारी अनिल कुमार सिंह, नायब तहसीलदार सुशील कुमार वर्मा, प्रभारी निरीक्षक सौदागर राय ने लोगों की समस्याएं सुनी। कुल 16 मामले आए, जिसमें से एक का निस्तारण हो सका। इस दौरान उपनिरीक्षक सिद्धनाथ यादव, अवधेश श्रीवास्तव, सुरेन्द्र प्रसाद तिवारी, मंजूलता, दिनेश सिंह आदि मौजूद रहे। नगर बाजार प्रतिनिधि के अनुसार थाने पर कुल आठ मामले आए। जिसमें से एक का मौके पर निस्तारण हुआ। इस दौरान थाना प्रभारी नगर सतानंद पांडेय, कानूनगो राजेश मिश्रा, लेखपाल योगेश चौधरी आदि मौजूद रहे।
वाल्टरगंज प्रतिनिधि के अनुसार, एसडीएम भानपुर आनंद श्रीनेत व थानाध्यक्ष डीके सरोज ने लोगों की समस्याएं सुनी। यहां कुल सात मामले आए, जिसमें से दो का मौके पर ही निस्तारण हुआ।