उधार न देने पर सेल्समैन पर हमला, घायल
बस्ती। रुधौली नगर में शुक्रवार दोपहर उधार सामान न देने पर मनबढ़ों ने दुकान के सेल्समैन पर जानलेवा हमला कर दिया। उसे दुकान से खींचकर बांकी से वार कर लहूलुहान करके भाग निकले। हाथ में बांकी लिए एक आरोपी थाने की तरफ जाते पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
खून से लथपथ कर्मचारी उत्तम सिंह (23) को पुलिस की मदद से सीएचसी पहुंचाया गया। जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मगर हालत बिगड़ते देख चिकित्सक ने किंग जार्ज मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर कर दिया है।
रुधौली कस्बा स्थित पेट्रोल पंप के पास रहने वाले राम नारायण सिंह का बेटा उत्तम सिंह तिवारी ट्रेडर्स पर नौकरी करता है। उनका आरोप है कि शुक्रवार को रुधौली कस्बा निवासी शिवम व सत्यम पांडेय उधार बैट्री मांगने लगे। सेल्समैन उत्तम ने मना कर दिया जो दोनों को नागवार लगा। एकाएक भड़के दोनों भाइयों ने उसे दुकान के बाहर खींचकर पीटना शुरू कर दिया।
थाना प्रभारी सुरेश कुमार यादव ने बताया कि घायल उत्तम के पिता रामनारायण सिंह की तहरीर पर रुधौली कस्बा निवासी शिवम पांडेय व सत्यम पांडेय के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शिवम को हमले में प्रयुक्त बांकी के साथ पकड़ लिया गया है, जबकि फरार सत्यम की तलाश जारी है।