बस्ती। ठंड के बीच सोमवार को शहरी बाजार गुड़ की सोंधी खुशबू और तिलवा त्योहार की मिठास से गुलजार रहा। छह जनवरी को तिलवा पूजन (सकट चतुर्थी) है। ऐसे में सुबह से देर शाम तक बाजार में रौनक रही।
दुकानदार घरों में गुड़ पिघलाकर तिल, लइया, मक्का, रामदाना आदि मिलाकर लड्डू व पट्टी बनाकर बाजार में लाए हैं। गंजी, गुड़ के अलावा तिल की भी बिक्री तेज दिखी। दुकानदार राकेश ने बताया कि सकट चतुर्थी के बाद मकर संक्रांति है। फरवरी माह तक तिल, लइया व रामदाना आदि से बने लड्डू की बिक्री होगी।
दुकानदार देवा का कहना है कि पहले लोग घरों में ही तिल के लड्डु और तिलकुट बनाते थे, लेकिन अब बाजार में बना ताजा और शुद्ध सामान लोगों को अधिक भा रहा है। धीरे-धीरे खरीदारी करने के लिए लोग आने लगे हैं। सकट को लेकर गुड़ 60 रुपये किलो, काला तिल 320 रुपये किलो और सफेद तिल दो सौ रुपये पहुंच गया है। पूजन के लिए लाल गंजी भी 50 रुपये पाव और अन्य पूजन सामग्री महंगे बिक रहे हैं। कंपनीबाग से लेकर फौव्वारा तिराहा तक सड़क पटरी पर सजे बाजार में ग्राहक खरीदारी करते दिखे। गांधीनगर और पांडेय बाजार के साथ कस्बाई बाजारों में भी रौनक दिखी। माताएं जहां संतान की सुख-समृद्धि और लंबी आयु के लिए व्रत रखकर कामना करेंगी।