बस्ती। श्री साईंनाथ कटरा के पांचवें स्थापना दिवस पर रविवार को मंदिर में विशेष पूजा अर्चना और अभिषेक के बाद शाम को पंजाब से आए कलाकारों द्वारा भांगड़ा, गतका के साथ ही अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रम हुआ। इसके बाद भक्तों ने आस्था के साथ साईं पालकी शोभायात्रा निकाली।
श्री साईं पालकी के साथ चार विहंगम झांकियां, सांई दरबार, राधा कृष्ण, चतुर्भुजी दुर्गा माता और शंकर, पार्वती की आकर्षक झांकियां चल रही थीं। लुधियाना से आए कलाकारों द्वारा कारगिल युद्ध का मंचन विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। पालकी के साथ अमृतसर का भांगड़ा, लुधियाना के गतका कलाकारों ने रोंगटे खड़े कर देने वाला कार्यक्रम प्रस्तुत किया। श्री साईं पालकी श्री साईं मंदिर कटरा से वी मार्ट पहुंची जहां पर साईं भक्त शरद यादव के नेतृत्व में स्वागत किया गया।
कंपनीबाग और एपीएन पीजी के पास विशेष आयोजन किया गया था। पालकी के साथ अखंड ज्योति यात्रा साथ-साथ चल रही थी। मंदिर के पुजारी विंध्याचल शुक्ल ने भक्तोें को प्रसाद वितरित किया। श्री साईं पालकी गांधीनगर के स्टेट बैंक से पुन: श्री साईं मंदिर पहुंची। इस अवसर पर भंडारे का आयोजन किया गया। रास्ते भर पुष्प वर्षा हुई। श्री साईं समिति के अध्यक्ष पुनीत पांडेय और मंत्री रामबाबू श्रीवास्तव ने बताया कि हर साल यह श्रीसाईं पालकी शोभा यात्रा निकाली जाती है।
हर साल इसे भव्य बनाने का प्रयास किया जाता है। इस सफल पालकी यात्रा के लिए उन्होंने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। शोभा यात्रा में हनुमान मिश्र, आशीष त्रिपाठी, ओम प्रकाश मिश्र, वीरेंद्र शुक्ल, अजय सिंह, दिलीप सिंह, उपेंद्र सिंह, अनूप पांडेय, विपिन राय, आलोक श्रीवास्तव, वीरेंद्र पांडेय, चंद्र प्रकाश पांडेय, दीप आनंद श्रीवास्तव नवीन, रिंकू श्रीवास्तव, गुड्डू पांडेय, अमित गुप्त, वेद प्रकाश पांडेय, डब्बू श्रीवास्तव, पिंटू तिवारी, बीडी मिश्र, कंचन पांडेय, वंदना श्रीवास्तव, मंजू मिश्र, स्वीटी श्रीवास्तव आदि शामिल रहे।