संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। कोहरे की वजह से शुक्रवार को एक्सप्रेस ट्रेनें में कई घंटे की देरी से चल रही हैं। सबसे ज्यादा दिक्कत यात्रियों को सहरसा गरीबरथ एक्सप्रेस को लेकर हुई। रेलवे समय सारिणी के अनुसार यह ट्रेन 14 घंटे की देरी से चल रही है।
ट्रेनों के विलंब होने की वजह से प्लेटफार्म पर यात्रियों की भीड़ लगी रही। पूछताछ काउंटर पर यात्रियों को ट्रेनों की जानकारी लगातार दी जा रही थी। ट्रेनों के विलंब होने से ठंड के चलते यात्रियों को स्टेशन पर मुश्किलों को सामना करना पड़ रहा है।
आनंद विहार से चलकर बिहार के सहरसा को जाने वाली सहरसा गरीबरथ एक्सप्रेस 14 घंटे की देरी से चल रही। दरभंगा क्लोन 4 घंटे की देरी से चल रही है।
कुछ यात्री ट्रेन के लेट होने से घर वापस चले गए। स्टेशन पर सहरसा-गरीबरथ एक्सप्रेस ट्रेन की प्रतीक्षा कर रहे यात्री सुभाष चंद्र व महिला यात्री प्रभावती ने बताया कि भीषण ठंड में स्टेशन पर ट्रेन के इंतजार में 10 घंटे से बैठे हैं। मगर, ट्रेन का कोई अता-पता नहीं है।
पूछताछ काउंटर पर बस एक ही बात बताई जा रही है कि ट्रेन विलंब है। कब आएगी, इसकी सही जानकारी किसी के पास नहीं है। यात्रियों ने बताया कि तीन माह पहले यात्री टिकट रिजर्वेशन करते हैं कि समय से यात्रा पूरी होगी।
जब यात्रा करने का समय आता है तो रेलवे की व्यवस्था फेल हो जाती है। यात्रियों ने बताया कि सफर में सबसे ज्यादा दिक्कत बच्चों को लेकर हो रही है। क्योंकि इस समय शीतलहरी का मौसम चल रहा है।