- डंडे से पीट-पीटकर की थी हत्या, वाल्टरगंज पुलिस ने बगडेरवा शिव मंदिर के पास से किया गिरफ्तार
- एएसपी ओपी सिंह ने पुलिस लाइंस में किया खुलासा
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। मकान के लिए चौखट-बाजू खरीदने निकले वाल्टरगंज थानाक्षेत्र के देईपार निवासी साबिर की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस के मुताबिक शराब की दुकान पर उसी क्षेत्र के बांसापार निवासी विशाल से शराब के नशे में रुपये के लेनदेन में विवाद हुआ था। इसके बाद विशाल ने उसे मौत के घाट उतारकर जेब में रखे रुपये निकाल लिए और मोबाइल तोड़कर नहर में फेंक दिया था। टीम ने आरोपी विशाल निवासी बासापार को मंगलवार को बगडेरवा शिव मंदिर के पास से गिरफ्तार कर लिया।
एएसपी ओपी सिंह ने पुलिस लाइंस में प्रेसवार्ता के दौरान हत्याकांड का खुलासा किया। उन्हाेंने बताया कि मृतक साबिर की मां मजीदुन ने तहरीर देकर बताया था कि दो अगस्त की शाम करीब छह बजे उनका बेटा साबिर अली (22) घर से बाइक लेकर सल्टौआ कुछ सामान लाने के लिए गया था। काफी देर तक वापस नहीं आया तो खोजबीन शुरू की। उसका मोबाइल बंद मिला। तीन अगस्त को उसे तलाश करते हुए परसा कुसुम सल्टौआ स्थित देशी शराब की दुकान के पास पहुंचे तो वहां उसकी बाइक खड़ी मिली। चार अगस्त को सूचना मिली कि एक व्यक्ति की लाश सरैया पुलिया नहर में बह रही है। इसकी उसने अपने बेटे साबिर के रूप में पहचान की था।
इसकी सूचना थाना वाल्टरगंज पर दी गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पोस्टमार्टम में सिर में चोट लगने से मौत की पुष्टि हो गई थी। मृतक की मां के अनुसार शव नहर में मिलने के कारण का पता लगाया, तो जानकारी हुई कि दो अगस्त की रात करीब आठ बजे परसा कुसुम सल्टौआ स्थित देशी शराब के ठेके के सामने साबिर और विशाल के बीच मारपीट हुई थी।
उन्होंने आशंका जताई कि विशाल ने अपने किसी साथी के साथ साबिर की हत्या करके लाश नहर में फेंक दी। उनकी आशंका के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध विशाल निवासी बासापार थाना वाल्टरगंज व उसके साथी के खिलाफ हत्या कर शव छिपाने के आरोप में केस दर्ज किया। आरोपी विशाल को टीम ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया।