रुधौली कस्बे मं तैनात पुलिसकर्मी।
- फोटो : BASTI
अखंड के अपहरण के आरोपियों की जमानत की अफवाह से हड़कंप
23 अप्रैल को कपड़ा व्यवसायी के पुत्र का हुआ था अपहरण
रुधौली(बस्ती)। रुधौली कस्बे से करीब चार महीने पहले हुए अखंड के अपहरण के आरोपियों के जमानत की अफवाह पर बृहस्पतिवार को कस्बे में व्यापारियों में हड़कंप मच गया। व्यापारियों ने दुकानें बंद करके रोष जताया। प्रभारी निरीक्षक रामकृष्ण मिश्रा ने व्यापारियों को बताया कि आरोपियों की जमानत के लिए पुन: अर्जी दाखिल की गई है, न कि उन्हें जमानत मिली है। कस्बे में पुलिस बल तैनात कर दी गई।
जानकारी के अनुसार 23 अप्रैल को कस्बे से कपड़ा व्यवसायी अशोक कुमार गुप्ता के पुत्र अखंड कसौधन का अपहरण उन्हीं के व्यापारी साथियों ने रुपये की लालच में कर लिया था। एक हफ्ते बाद पुलिस व एसटीएफ गोरखपुर की टीम ने अखंड को सहजनवां गोरखपुर से सकुशल खोजकर सहजनवां निवासी आदित्य सिंह उर्फ धीरज सिंह तथा सूरज सिंह को गिरफ्तार किया था।
बृहस्पतिवार को कस्बे के व्यापारियों को यह सूचना मिली कि अखंड के अपहरण के आरोपियों को न्यायालय ने जमानत मिल गई है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि उनकी टीम ने व्यापारी वर्ग व जन सामान्य को समझाया कि आरोपियों की तरफ से जमानत लिए फिर से अर्जी दाखिल की गई है। उन्हें जमानत नहीं मिली है।