वायरल ऑडियो में प्रभारी एडीओ की थी आवाज
रुधौली। बजहा गोशाला में 21 सितंबर को पशु मरने पर सफाईकर्मी और प्रभारी एडीओ के बीच हुई वार्ता की पुष्टि के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि, सफाईकर्मी निलंबित किया गया है जबकि प्रभारी एडीओ अग्रिम जमानत पर हैं। पशुओं की मौत पर बजहा गोशाला से सफाई कर्मी विजय सेन पटवा ने सूचना तत्कालीन एडीओ पंचायत राजेश पांडेय को दी थी। सूचना पर भड़के प्रभारी एडीओ ने अपशब्द बोलकर मृत पशुओं को खा जाने की बात कही थीं। यह बात सफाई कर्मी को नागवार गुजरी और उसने बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था। सीडीओ के निर्देश पर एडीओ पंचायत को निलंबित किया गया था जबकि 22 सितंबर को हियुवा जिलाध्यक्ष अजय कुमार उर्फ अज्जू हिंदुस्थानी की तहरीर पर आरोपी एडीओ पंचायत पर धर्म विशेष को अपमानित करने एवं गलत शब्दों का प्रयोग करने आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था। जांच में यह तथ्य आया था कि सूचना देने वाले सफाई कर्मी की तैनाती सुरवार गोशाला पर थी लेकिन ड्यूटी बजहा गोशाला पर कर रहा था। मुकदमे की विवेचना कर रहे रुधौली थाने के उपनिरीक्षक अशोक कुमार वर्मा ने बताया कि मुकदमा अभी भी विवेचनाधीन है। सीडीआर के माध्यम से दोनों की वार्ता की पुष्टि हुई है।