बस्ती। सभी 14 ब्लॉकों में विकास कार्यों की रैंकिंग में विकास खंड रुधौली और कप्तानगंज फिसड्डी रहे जबकि विक्रमजोत अव्वल रहा। वृद्धावस्था पेंशन और मनरेगा के मामले सभी ब्लाकों का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा। इन दोनों ही योजनाओं में सभी ब्लाकों काे ए श्रेणी मिली है।
जिले के सभी ब्लाकों की विभिन्न विकास कार्यों एवं प्रगति के अनुसार हर महीने रैंक और ग्रेड जारी की जाती है। अभी मई माह की रैंक और ग्रेड भी अब जारी कर दी गई है। विकास कार्यों में रुधौली और कप्तानगंज ब्लाक की स्थिति सबसे खराब रही। इन दोनों ही ब्लाकों को सी श्रेणी मिला है जबकि शेष 12 ब्लाकों को बी श्रेणी मिली है। विकास कार्यों के मामले में सभी ब्लाकों का मूल्यांकन 10 अंकों के पूर्णांक के आधार पर किया जाता है। इसमें विकास खंड विक्रमजोत कोे 8.33 अंक, परशुरामपुर को 7.76 अंक हैरैया को 7.19 अंक, गौर को 7.14 अंक, बनकटी को 7.10 अंक, रामनगर को 6.86 अंक, दुबौलिया को 6.70 अंक, सल्टौआ को 6.43 अंक, कुदरहा को 6.40 अंक, बस्ती एवं सांऊघाट को 6.33 अंक जबकि बहादुरपुर को 6 अंक मिले हैं। इन सभी ब्लाॅकों को बी श्रेणी प्रदान की गई है। कप्तानगंज को 5.50 अंक एवं रुधौली को 4.90 अंक मिले हैं। इन दोनों ब्लाॅकों काे विकास कार्यों में सी श्रेणी दी गई है।
जिले की रैकिंग में ई-आफिस को भी शामिल किया गया है। विक्रमजोत ब्लॉक को ई-आफिस के संचालन में भी ए श्रेणी प्रदान की गई है जबकि अन्य 13 ब्लाॅकों को डी श्रेणी मिली है।
पांचवें राज्य आयोग में परियोजनाओं के अनुसार भुगतान के मामले में विक्रमजोत एवं परशुरामपुर को ए श्रेणी जबकि, हर्रैया और कुदरहा को बी श्रेणी मिली है। बस्ती, गौर, रामनगर, साऊंघाट सी श्रेणी में हैं। बहादुरपुर, बनकटी, कप्तानगंज, सल्टौआ, रुधौली एवं दुबौलिया डी श्रेणी मेें हैं। उधर, 15वें वित्त आयोग के भुगतान के मामले में बस्ती, रुधौली, दुबौलिया, गौर, सांऊघाट, बहादुरपुर, हर्रैया, रामनगर को सी श्रेणी तथा सल्टौआ एवं कप्तानगंज को डी श्रेणी मिली है।