बस्ती। वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए प्रस्तावित जिले की 221 ग्रामीण सड़कों के सामान्य मरम्मत व नवीनीकरण के लिए शासन ने मंजूरी दे दी है, और धन भी जारी कर दिया है। इससे ग्रामीण क्षेत्र की जर्जर सड़कों की स्थिति सुधर जाएगी और इनसे जुड़े गांवों के राहगीरों का आवागमन आसान हो जाएगा।
पीडब्ल्यूडी के प्रांतीय व निर्माण खंड-एक की टीमों ने जिले के ग्रामीण मार्गों का सर्वे किया था, जिसमें कुल 221 सड़कें ऐसी थीं, जिनकी हालत जर्जर हो चुकी है। कुछ तो ऐसी हैं, जिनकी सामान्य मरम्मत की आवश्यकता महसूस हो रही थी, कुछ ऐसी थीं, जिनका नवीनीकरण होना आवश्यक हो गया था। दोनों खंडों ने इसके लिए 33.56 करोड़ रुपये का प्रस्ताव बनाकर मुख्यालय भेज दिया था। इन प्रस्तावित सड़कों को शासन ने मंजूरी देकर धन जारी कर दिया है।
-
इन महत्वपूर्ण सड़कों का होगा पुनरुद्धार
जिले के छावनी बाजार-अमारी मार्ग से हरिजोत मार्ग, टूटीभीटी विक्रमजोत मार्ग से कलानी मार्ग, श्रृंगीनारी सिरपालपुर से जमुनहाकला मार्ग, महूघाट विशेषरगंज मार्ग से बरईपुरवा गंधराज गोसाईं, थाना खास से किशोरपुर मार्ग, हर्रैया बभनान से पकड़ी जप्ती मार्ग, संसारीपुर पैकोलिया से मरवटिया भवन, भारतनगर तेनुआ मार्ग से हरिजन बस्ती मार्ग, श्रीरामजानकी मार्ग से बरहटा मार्ग के चौधरीपुरवा, कटरिया बजरिया टेढ़वा मार्ग, श्रीरामजानकी मार्ग से सरैया अतिबल, श्रीरामजानकी मार्ग से रखिया पोखरा से दुबौली मार्ग, महराजगंज से पेदाघाट मार्ग गायघाट बैड़ारी मार्ग से लालापुरवा होते हुए प्यारेपुरवा हरिजन बस्ती मार्ग, फुलवरिया निषाद से बसनीडीह मार्ग, कप्तानगंज पिपरागौतम मार्ग से देवापार संपर्क मार्ग व एलडी कलवारी गोविंदापुर से रमचनपुर मार्ग समेत कुल 221 सड़कों का जीर्णोद्धार किया जाएगा।
-
जल्द शुरू होगा कार्य
शासन ने ग्रामीण सड़कों के सामान्य मरम्मत व नवीनीकरण को स्वीकृत कर दिया है। जल्द ही आगे की प्रक्रिया पूरी कर कार्य चालू करा दिए जाएंगे।
-रवींद्र वीर सिंह, मुख्य अभियंता, पीडब्ल्यूडी