वाल्टरगंज। थाना क्षेत्र के पिपराजप्ती गांव के सामने रेलवे के डाॅउन ट्रैक पर सोमवार सुबह खून से लथपथ युवक का शव मिला। ग्रामीणों की नजर पड़ते ही पुलिस को सूचना दी। वाल्टरगंज थाने के उप निरीक्षक अनिल कुमार यादव ने सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। पहचान कराने की कोशिश की गई, लेकिन समाचार लिखे जाने तक शव की पहचान नहीं हो सकी थी।
थानाध्यक्ष नारायण लाल श्रीवास्तव ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच है। शव को मोर्चरी में रखवाया गया है। मृतक के शरीर पर तथा सिर में चोट के निशान देखने से लग रहा है कि ट्रेन की चपेट में आने से ही उसकी मौत हुई है। मृतक लाल टी शर्ट, नीले रंग की पैंट पहने हुए है। शव के पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।