प्रत्येक केंद्र पर दो महिला एवं दो पुरुष सिपाहियों की तैनाती रहेगी
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। समीक्षा एवं सहायक समीक्षा अधिकारी के पदों के लिए 11 फरवरी को प्रस्तावित परीक्षा 39 केंद्रों पर दो पालियों में कराई जाएगी। डीएम अंद्रा वामसी ने नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए हैं। इसके लिए शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में तैयारियों की समीक्षा की गई।
डीएम ने बताया कि प्रत्येक केंद्र पर एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। 13 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर दो महिला एवं दो पुरुष सिपाहियों की तैनाती रहेगी। यह परीक्षार्थियों की चेकिंग करेंगे। सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में संपूर्ण परीक्षा कराई जाएगी। प्रत्येक केंद्र पर आधे परीक्षक विद्यालय तथा आधे परीक्षक अन्य विद्यालयों के होंगे। पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक सामान्य अध्ययन की होगी। दूसरी पाली में 2:30 से 3.30 बजे तक सामान्य शब्दज्ञान एवं व्याकरण की परीक्षा होगी।
सभी केंद्रों पर प्रश्नपत्रों का पैकेट सुबह सात बजे तक सेक्टर मजिस्ट्रेट लेकर पहुंचेंगे। विद्यालय समय से खुले और प्रधानाचार्य या केंद्र व्यवस्थापक ही प्रश्नपत्र प्राप्त करें। कोषागार सुबह 5 बजे खुलेगा तथा प्रश्नपत्रों का वितरण किया जाएगा। द्वितीय पाली की परीक्षा के प्रश्नपत्र सुबह 10 बजे कोषागार से दिए जाएंगे। परीक्षा प्रारंभ होने से एक घंटे पूर्व से परीक्षा केंद्र के अंदर प्रवेश दिया जाएगा तथा निर्धारित समय से 10 मिनट पहले परीक्षा केंद्र का प्रवेश द्वार बंद कर दिया जाएगा।
परीक्षा केंद्र के अंदर इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी। केंद्र व्यवस्थापक अभ्यर्थियों के मोबाइल एवं अन्य सामान रखवाने की अलग से व्यवस्था करेंगे तथा टोकन जारी करेंगे। 10 फरवरी को परीक्षा की तैयारी पूर्ण कर ली जाएगी। नोडल अधिकारी एडीएम कमलेश चंद्र ने कहा कि प्रश्न पत्र एवं दो प्रति में उत्तर पंजिका अभ्यर्थी को दी जाएगी। अभ्यर्थी कार्बन कॉपी अपने साथ ले जाएंगे तथा उत्तर पुस्तिका की पहली प्रति जमा करेंगे। डीआईओएस जगदीश प्रसाद शुक्ल ने बताया कि इस परीक्षा में 16320 अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे।