दुबौलिया क्षेत्र के पंडूल घाट से मूर्ति विसर्जन करके लौट रहे श्रद्धालुओ की ट्रैक्टर ट्राली पटलन
- कप्तानगंज थानाक्षेत्र के भिउरा कप्तानगंज मार्ग पर हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
दुबौलिया। कप्तानगंज थाने के पांडव नगर-भिउरा मार्ग पर मंगलवार देर रात करीब 8:30 बजे विसर्जन से लौट रही ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। ट्रॉली में सवार 18 ग्रामीण घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी कप्तानगंज ले जाया गया। वहां से जिला अस्पताल रेफर एक युवक की मौत हो गई।
भिउरा गांव के लोग दुर्गा प्रतिमा विसर्जन करने पंडूल घाट पर गए थे। विसर्जन के बाद कुछ लड़के डीजे लदी ट्राली पर बैठकर सामान उतारने गए। वहां से लौटते समय पंडूल घाट से आगे 200 मीटर पहुंचने पर ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे गड्ढे में पलट गई, जिसमें सवार भिउरा गांव के धुव्र, विक्रम, अमरेश, भारत, दीपक, प्रिंस, जितेंद्र, रोहित, विनीत, करन आदित्य सहित 18 लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस व ग्रामीणों ने एंबुलेंस बुलाकर घायलों को कप्तानगंज सीएचसी पहुंचाया, जिसमें विक्रम निवासी भिउरा की हालत गंभीर होने पर कप्तानगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। जहां पहुंचते ही विक्रम को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।