संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। डीएम रवीश गुप्ता ने मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में आईजीआरएस प्रकरण की समीक्षा की। इसमें मुख्यमंत्री, डीएम, ऑनलाइन, भारत सरकार पीजी पोर्टल, राजस्व परिषद निदेशालय संदर्भ, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, महिला हेल्प डेस्क आदि माध्यमों से प्राप्त शिकायतों को समयावधि के भीतर निस्तारण का निर्देश दिया गया।
डीएम ने कहा कि शासन के मंशानुरूप जनसामान्य की शिकायतों का निस्तारण शीर्ष प्राथमिकताओं के अनुरूप किया जाए। सभी अधिकारी विभिन्न माध्यमों से प्राप्त होने वाली शिकायतों का मौके पर जाकर निस्तारण कराएं। फोटो सहित आख्या भी प्रस्तुत की जाए। उन्होंने सभी आईजीआरएस नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रतिदिन इस पोर्टल का स्वयं अवलोकन करें। संतुष्ट/ असंतुष्ट फीडबैक, स्थलीय सत्यापन रिपोर्ट, कॉलिंग फीडबैक, लंबित प्रकरणों आदि का स्वयं गहन अवलोकन कर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराना सुनिश्चित करें। किसी भी प्रकरण को डिफाल्टर न होने दें। इस मौके पर सीडीओ जयदेव सीएस, सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती, सीएमओ डॉ. आरएस दुबे, डीएफओ जय प्रकाश आदि मौजूद रहे।