शहरी क्षेत्र में अतिक्रमण के चलते रास्ता चलना मुश्किल हो गया है। इन स्थितियों को संज्ञान में लेकर प्रशासन का एक माह का तेवर तल्ख है। बृहस्पतिवार को एक बार फिर प्रशासनिक टीम मय दल-बल सड़क पर उतरी। अबकी उसका डंडा रोडवेज से अस्पताल रोड पर चला।
दोपहर बाद टीम रोडवेज से आगे बढ़ी। यहां कोतवाली के निकट रसूखदार व्यवसायियों ने अपना सारा सामान सड़क पर ही एकत्रित कर रखा था। टीम को देखते ही यह लोग हर बार की तरह इसे हटवाने की बात कहने लगे, मगर प्रशासन ने उनकी एक न सुनीं। इसके बाद पटरी पर रखे भारी भरकम कृषि यंत्र, सरिया व अन्य लोहे के सामानों को जेसीबी से हटवा दिया। दो घंटे तक चले अभियान में पूरी पटरी खाली करा दी गई।
टीम का नेतृत्व एएसडीएम कीर्ति प्रकाश भारती ने किया। ईओ नगर पालिका डॉ. आरपी श्रीवास्तव, कोतवाल कपिल मुनि सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।