बस्ती। मौसम इन दिनों कुछ मेहरबान है। दो दिन से धूप-छांव के चलते तापमान में कुछ कमी आई है और लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक अगले 24 घंटे हल्के बादल छाए रहने और कहीं-कहीं हल्की बारिश का अनुमान है। माैसम के अनुकूल होने पर अब किसानों ने धान की नर्सरी भी डालनी शुरू कर दी है।
गर्मी और उमस के बिजली की मांग बढ़ी तो कटौती ने लोगों को परेशानी और बढ़ा दी। इन सबके बीच पिछले दो दिन से मौसम लोगों के ऊपर मेहरबान है। तेज धूप का प्रकोप कम हुआ है, जिसके चलते लोगों को उमस भरी गर्मी से कुछ राहत मिली। बुधवार को सुबह सुबह तो बादल छा गए और थोड़ी हवा भी चली, लेकिन थोड़ी ही देर में बादल हवा के साथ उड़ गए और धूप खिल गई।
हालांकि, धूप में कोई खास तल्खी नहीं थी। इसकी वजह से गर्मी ने उतना परेशान नहीं किया। बुधवार दिन का तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि रात का तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम की मेहरबानी के चलते सहालग और त्योहारों के इस सीजन में बाजारों में खासी रौनक रही। दोपहर में बाजार में खरीदारों की भीड़ थी। खरीदारी के लिए बरगदवा से आई रागिनी कहती है कि उनके घर शादी है कई दिन से बाजार आने का सोच रही थी, लेकिन मौसम साथ नहीं दे रहा था। अब मौसम ठीक हो गया है तो वे परिवार के साथ बाजार करने आई हैं।
गांधी नगर मार्केट में खरीदारी करने आई शबाना कहती है कि वे बकरीद की खरीदारी करने आई हैं। उन्हें बच्चों के कपड़े और सेवइयां आदि खरीदनी है।
आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुमारगंज के माैसम विज्ञानी डाॅ. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि आगामी 24 घंटे में में हल्के बादल छाए रहने एवं कहीं-कहीं गरज चमक के साथ हल्की वर्षा होने की भी संभावना है।