गौर। बभनान चीनी मिल से जुड़े गन्ना किसानों के लिए अच्छी खबर है। गन्ना समितियों की मांग पर गन्ना आयुक्त की ओर से राहत देते हुए अब 50 प्रतिशत हायल पर्चियां निकलेंगी। इससे गन्ना किसानों को सहूलियत मिलेगी।
बलरामपुर चीनी मिल्स यूनिट बभनान का पेराई सत्र 2025-26 का शुभारंभ 18 नवंबर से किया गया है, जबकि गन्ना क्रय केंद्रों पर 16 नवंबर से तौल किए जा रहे हैं। समय से गन्ना तैयार न होने की दशा में किसानों की भारी संख्या में गन्ना पर्चियां हायल हो गई हैं। इसको लेकर किसान काफी परेशान हैं।
किसानों की समस्याओं को देखते हुए चीनी मिल की समस्त गन्ना समितियों की ओर से पत्र के माध्यम से डीसीओ को सुझाव दिया गया है कि हायल पर्चियों का रेशियो और बढ़ाया जाए। जिससे किसान को समय से पर्ची मिल सके और वह अपना गन्ना बेच सकें।
जिला गन्ना अधिकारी ने गन्ना आयुक्त को पत्र भेजकर समस्या से अवगत कराया। गन्ना आयुक्त ने बभनान चीनी मिल में एक दिसंबर से 50 प्रतिशत हायल पर्चियों को निकलने का आदेश दिया है।