नव नियुक्त सपा जिलाध्यक्ष अध्यक्ष रवींद्र यादव।
सपा के प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने शनिवार को सपा जिला कार्यकारिणी को तत्काल प्रभाव से भंग करते हुए राजकपूर यादव के स्थान पर रवींद्र यादव को समाजवादी पार्टी का नया जिलाध्यक्ष नियुक्ति किया। नियुक्ति की खबर बस्ती पहुंचते ही रवींद्र यादव के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। उनके समर्थकों ने जगह जगह कार्यक्रम आयोजित कर मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया। 45 वर्षीय रवींद्र यादव ने लखनऊ से दूरभाष पर बताया कि पार्टी ने जो उन पर विश्वास करके उन्हें जो जिम्मेदारी दी है, उसे कार्यकर्त्ताओं के सहयोग से पूरा करने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। कहा कि उनका लक्ष्य आगामी चुनाव में जिले के सभी पांचों सीटों को जीतना है।
समर्थकों का कहना है कि पार्टी ने रवींद्र यादव को उनके 22 सालों की सेवाओं का पुरस्कार उन्हें जिलाध्यक्ष पद देकर दिया। सदर ब्लॉक के ग्राम भुवनी महसों के रहने वाले रवींद्र यादव वर्तमान में सपा के पिछड़ा वर्ग के प्रदेश सचिव हैं। इससे पूर्व वह मजदूर सभा के प्रदेश अध्यक्ष और प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष रह चुके हैं।
जिलाध्यक्ष नियुक्ति होने पर पूर्व सपा जिलाध्यक्ष राजाराम यादव, युवा सपा नेता अवधेश यादव, सुशील कुमार, राजेश यादव, हीरालाल, अनिल यादव, डा. आरडी गोस्वामी, इरशाद अहमद, डा. हरिप्रकाश, संतोष यादव, श्रवण कुमार सहित अन्य ने बधाई दी है।